प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। उन्होंने इस जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए “शानदार उपलब्धि” बताया। इस संबंध में पीएमओ इंडिया के आधिकारिक एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री के संदेश में लिखा गया, “भारतीय क्रिकेट के लिए एक शानदार जीत! एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने पर हमारी महिला क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई। खेलों में उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा, जिसमें आत्मविश्वास, कौशल और बेहतरीन टीम वर्क दिखा। इस जीत से भारत को खेलों के इस संस्करण में अपना पहला गोल्ड भी मिला है। टीम ने देश का मान बढ़ाया है और देश भर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी।”
फाइनल में भारत का जलवा
महिला T20 क्रिकेट फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले 2023 में हांग्जो में भी टीम ने यह खिताब जीता था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 216/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
– स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रन (5 चौके, 7 छक्के) बनाए। यह उनकी टी20 इंटरनेशनल में 37वीं हाफ-सेंचुरी थी।
– शैफाली वर्मा ने 29 गेंदों में तेज 48 रन बनाए।
– ऋचा घोष ने 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाकर पारी को रफ्तार दी।
स्मृति मंधाना इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन गईं। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई टीम को महज 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट कर दिया। दीप्ति शर्मा ने 3/6 के शानदार आंकड़े दर्ज किए, जबकि शैफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए।
सुचिका तारियाल को भी दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुचिका तारियाल को भी बधाई दी। यह एशियन गेम्स में भारत का इस खेल में पहला मेडल है। पीएमओ के पोस्ट में कहा गया, “भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि! मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने और इस क्षेत्र में भारत का पहला एशियाई खेल मेडल हासिल करने पर सुचिका तारियाल को बधाई। उनकी उपलब्धि उनके समर्पण और जोश को दर्शाती है।”