हैदराबाद। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पुत्री तथा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के कविता ने पार्टी से निलम्बित होने के एक दिन बाद बुधवार को पार्टी तथा परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बीआरएस के सहयोगी संगठन तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने विधान परिषद की सदस्यता से अपना इस्तीफा अध्यक्ष को सौंप दिया। इससे एक दिन पहले उन्हें उनके पिता और बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने पार्टी से निलंबित कर दिया था। के कविता ने अपने चचेरे भाई एवं पूर्व मंत्री टी हरीश राव तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, जिसके बाद पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
पूर्व लोकसभा सदस्य के कविता ने अपना पार्टी तथा विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा सौंपने के बाद यहां पत्रकारों से कहा, “ मैंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और अब बीआरएस से इस्तीफा सौंप रही हूं। मुझे पद का कोई लालच नहीं है।” चंद्रशेखर राव की पुत्री के कविता ने कहा कि पूर्व सिंचाई मंत्री टी हरीश राव और पूर्व सांसद जे संतोष राव मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ मिलकर उनके परिवार के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री और हरीश राव ने एक यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार के खिलाफ साजिश की है। हरीश राव ने सिंचाई मंत्री रहते हुए भ्रष्टाचार किया था, लेकिन उनके खिलाफ मुख्यमंत्री कुछ नहीं बोल रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया है कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में घोटाले में उनके पिता को बलि का बकरा बनाया जा रहा है, जबकि पूर्व सिंचाई मंत्री ने इस परियोजना में भ्रष्टाचार कर भारी संपत्ति अर्जित की है।