चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में शनिवार को टेंट डेकोर इंडिया 2026 का भव्य आगाज हुआ। टेंट, डेकोर, कैटरिंग, हॉस्पिटैलिटी, फर्नीचर, लाइट एंड साउंड तथा इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े इस तीन दिवसीय एक्सपो के पहले ही दिन बड़ी संख्या में विजिटर्स, कारोबारी, प्रदर्शक और उद्योग से जुड़े प्रोफेशनल्स पहुंचे। शोमैन एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड (एग्जीबिशन डिवीजन) द्वारा आयोजित इस एक्सपो में 60 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। 8,000 से अधिक वर्ग मीटर में आयोजित इस प्रदर्शनी में 2,600 से अधिक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, तीन दिनों के दौरान 10,000 से अधिक विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है।
एक्सपो में आधुनिक टेंट स्ट्रक्चर, वेडिंग एवं इवेंट डेकोरेशन, कैटरिंग उपकरण, हॉस्पिटैलिटी सॉल्यूशंस, कारपेट, फर्नीचर, लाइटिंग, साउंड सिस्टम, स्टेज एवं इवेंट सॉल्यूशंस सहित कई तरह के उत्पाद और तकनीकें प्रदर्शित की जा रही हैं। विजिटर्स के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।
पहले ही दिन मिली शानदार प्रतिक्रिया
शोमैन एसोसिएट्स के फाउंडर सतीश शर्मा और डायरेक्टर ध्रुवनेश शर्मा ने एक्सपो को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया पर खुशी जताते हुए कहा कि टेंट डेकोर इंडिया उनके लिए बेहद खास एक्सपो है। यह उत्तर भारत में कंपनी द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला प्रमुख टेंट एवं डेकोर एक्सपो है और पहले ही दिन जिस तरह से विजिटर्स एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने इसमें भाग लिया, उससे आयोजक बेहद उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर वे सभी विजिटर्स, प्रदर्शकों, उद्योग संगठनों, बिजनेस पार्टनर्स और मीडिया का दिल से धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने टेंट डेकोर इंडिया 2026 को सफल बनाने में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए यह एक्सपो पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और पूरे उत्तर भारत के टेंट, डेकोर, कैटरिंग, हॉस्पिटैलिटी और इवेंट उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण बिजनेस एवं नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म बनकर सामने आया है।
दिसंबर में सेक्टर-18 के परेड ग्राउंड में शॉपिंग एक्सपो आयोजकों ने बताया कि शोमैन एसोसिएट्स आने वाले समय में भी चंडीगढ़ और ट्राइसिटी में कई नए और अनूठे एक्सपो लेकर आएगा। दिसंबर 2026 में सेक्टर-18 स्थित परेड ग्राउंड में बड़े स्तर पर शॉपिंग एक्सपो आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों और ब्रांड्स को एक बड़ा प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी जल्द ही बड़े स्तर पर मेडिकल एक्सपो लेकर आने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य मेडिकल, हेल्थकेयर और संबंधित उद्योगों को एक मंच पर लाकर नए उत्पादों, तकनीकों और बिजनेस अवसरों को बढ़ावा देना होगा।
अनूठे एक्सपो आयोजित करने पर फोकस
सतीश शर्मा और ध्रुवनेश शर्मा ने कहा कि शोमैन एसोसिएट्स की पहचान ऐसे एक्सपो आयोजित करने के लिए है, जो किसी विशेष इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जाते हैं। कंपनी का प्रयास रहता है कि प्रदर्शकों को बिजनेस लीड्स और नेटवर्किंग के अवसर मिलें तथा विजिटर्स को एक ही स्थान पर नए उत्पादों और तकनीकों की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि टेंट डेकोर इंडिया 2026 को लेकर जिस तरह की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, उससे उन्हें बेहद खुशी है और यह भविष्य में इस सेक्टर में और बड़े स्तर पर एक्सपो आयोजित करने के लिए प्रेरणा देगा।
33 वर्षों का अनुभव शोमैन एसोसिएट्स को प्रदर्शनी आयोजन के क्षेत्र में 33 वर्षों से अधिक का अनुभव है। आयोजकों के अनुसार, संस्था द्वारा अब तक 465 से अधिक एक्सपो आयोजित किए जा चुके हैं तथा 20 से अधिक देशों के साथ एसोसिएट नेटवर्क, 10 इंडस्ट्री क्लस्टर्स, 70,000 से अधिक कंपनियों की भागीदारी और 75 लाख से अधिक विजिटर्स तक पहुंच बनाई जा चुकी है। टेंट डेकोर इंडिया 2026 5 से 7 सितंबर तक सेक्टर-34 एग्जीबिशन ग्राउंड में जारी रहेगा। प्रदर्शनी का समय सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक है और विजिटर्स के लिए प्रवेश नि:शुल्क है।