Monday, May 20, 2024

हिमाचल

5 दिन का प्रवास कर लौटीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

08 मई, 2024 12:58 PM

शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हिमाचल के पांच दिवसीय दौरे के बाद बुधवार सुबह शिमला से दिल्ली लौट गईं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने उन्हें विदाई दी। श्रीमति मुर्मू ने अपने शिमला प्रवास के दौरान तारादेवी मंदिर, मालरोड सहित शिमला की अन्य जगहों का भ्रमण किया, जबकि शाहपुर स्थित सेंट्रल यूनीवर्सिटी भी गईं। यही नहीं, वह गेयटी थियेटर में हिमाचल की संस्कृति से भी रू-ब-रू हुईं।

गेयटी थियेटर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा एक विशेष कोरियोग्राफिक सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति के अलावा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा अति विशिष्ट जन उपस्थित थे। प्रदेश की मशहूर कोरियोग्राफर पूनम शर्मा द्वारा तैयार किए गए इस कार्यक्रम में राजगढ़ के पझौता क्षेत्र की आसरा सांस्कृतिक दल के कलाकारों द्वारा सिरमौरी नाटी के अलावा किन्नौरी, लाहुली, कुल्लुवी, चंबियाली नाटी तथा लुड्डी नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आसरा के सोलह कलाकारों ने रिहाल्टी गी, मुंजरा नृत्य, परात नृत्य, रासा नृत्य एवं ठोडा नृत्य आदि नृत्य विधाओं को आकर्षक एवं मनमोहक अंदाज में प्रदर्शित किया।

Have something to say? Post your comment