ऊना : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता टिकट की लड़ाई में उलझे हुए हैं, जबकि कांग्रेस का मिशन विकास है। पालकवाह ऑडिटोरियम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुकेश ने कहा कि हरोली में 1971 से अब तक हुए 12 चुनावों में कांग्रेस 10 बार जीती है, जबकि भाजपा केवल दो बार जीत दर्ज कर पाई है। वर्ष 2003 के बाद कांग्रेस लगातार पांच चुनाव जीत चुकी है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा में टिकट को लेकर दर्जनभर लोग दौड़ में हैं और आपस में ही बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि हरोली में 101 करोड़ रुपए की पेयजल योजना मंजूर हुई है। पालकवाह में 75 करोड़ रुपए की योजना पर काम चल रहा है। क्षेत्र में 78 पेयजल टैंक बन चुके हैं और जल्द करीब 100 करोड़ रुपए की पंजावर-पंडोगा पेयजल योजना भी आने वाली है। हरोली कॉलेज को 28 करोड़ रुपए दिए गए हैं और 12 करोड़ रुपए और दिए जाएंगे। पांच करोड़ रुपए का होस्टल तथा 12 करोड़ रुपए का इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है।
सिम्मी अग्रिहोत्री के खिलाफ टिप्पणी नहीं होगी बर्दाश्त
दिवंगत पत्नी प्रो सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर हुई बयानबाजी पर भी मुकेश ने भाजपा नेताओं को चेताया। उन्होंने कहा कि उन्हें गाली देने से कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।