माइक हेसन ने कहा कि मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर करने के फैसले से उनका कोई लेना देना नहीं है। उन्हें सिर्फ तीसरे टेस्ट के लिए बुलाया गया है। पाकिस्तान की टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन ने कहा कि मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर करने के फैसले से उनका कोई लेना देना नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच में बड़ी हार के बाद यह फैसला किया था। पहले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से करारी हार मिली। इसके बाद सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया और मुख्य कोच सरफराज अहमद को बर्खास्त कर दिया गया।
पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच हेसन को इसके बाद नौ सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट के लिए मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया।
हेसन ने बर्मिंघम में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, ''जब उन्होंने (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) मुझे अंतिम टेस्ट मैच के लिए जिम्मेदारी सौंपी तो इन तीनों खिलाड़ियों (रिजवान, आगा और इमाम) को पहले ही टीम से बाहर कर दिया गया था। इसलिए वास्तव में मुझे कुछ भी पता नहीं है कि असल में क्या हुआ था।''
उन्होंने कहा, ''लाहौर में हमारा पहले से ही सीमित ओवरों की टीम का शिविर चल रहा था। मैं जापान से लौटा ही था जहां एशियाई खेल होंगे। इसके बाद मुझे टेस्ट टीम का प्रबंधन करने के लिए कहा गया।''
हेसन ने कहा, ''मैंने टीम में संतुलन लाने के लिए कुछ बदलाव करने का फैसला किया है और मैं ऐसा गेंदबाजी आक्रमण चाहता हूं जिसमें विविधता हो और जिसमें कुछ ऑलराउंडर हों।''
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का सफाई अभियान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद प्रबंधन में व्यापक बदलाव करने के लिए 'सफाई अभियान' चलाया है जिसमें पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और चयनकर्ता आकिब जावेद को राष्ट्रीय चयन समिति से हटाए जाने की संभावना है। पीसीबी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ''आकिब को संभवतः लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में विकास निदेशक के रूप में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा जाएगा।''
उन्होंने दावा किया कि रिजवान, इमाम और सलमान को वापस भेजना पीसीबी की योजना का हिस्सा था, जिसमें पहले दो खिलाड़ियों को न केवल खराब फॉर्म बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार के कारण भी टीम से बाहर किया गया था।
सूत्र ने बताया, ''बाकी खिलाड़ियों को टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन की सिफारिश पर वापस भेजा गया, जो कुछ ऐसे खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे जिनके साथ उन्होंने सीमित ओवरों की टीम के लिए लगाए गए शिविर में काम किया था।''
सूत्रों ने दावा किया कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 'सफाई अभियान' के लिए उत्सुक थे और अब चयन समिति में बदलाव किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार एक अन्य चयनकर्ता पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पहले ही पद छोड़ने की पेशकश कर दी है।
सूत्र ने बताया, ''इंग्लैंड दौरे के बाद एक नई चयन समिति की घोषणा की जा सकती है।''