सांता क्लारा, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और पैराग्वे के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस नतीजे के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल कर राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
ऑस्ट्रेलिया का नॉकआउट स्टेज में 4 जुलाई को डलास में ग्रुप जी की उपविजेता से सामना होगा। वहीं, पैराग्वे ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहा। टीम को अब राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के लिए बाकी ग्रुपों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार, सभी ग्रुप से मिलाकर तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ 8 टीमें नॉकआउट स्टेज में जाएंगी।
मुकाबले के शुरुआती मिनटों से ही ऑस्ट्रेलिया ने गेंद पर नियंत्रण बनाया और लगातार पैराग्वे के डिफेंस पर दबाव डाला। टीम के दाएं फ्लैंक से जॉर्डन बोस, एडेन ओ'नील और क्रिस्टियन वोल्पाटो ने शानदार तालमेल दिखाया और कई अच्छे मूव बनाए। मैच का पहला बड़ा मौका चौथे मिनट में आया, जब क्रिस्टियन वोल्पाटो के शानदार कटबैक पर जैक्सन इरविन ने शॉट लगाया, लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो सका। पहले हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन पैराग्वे की मजबूत डिफेंस टीम के प्रयास को विफल किया।
36वें मिनट में जॉर्डी बोस ने शानदार दौड़ लगाकर एक और मौका बनाया। इसके बाद पहले हाफ के इंजरी टाइम में विंग से आए क्रॉस पर जैक्सन इरविन ने हेडर लगाया, लेकिन वह संतुलन नहीं बना सके और गेंद गोल पोस्ट के साइड से निकल गई। दूसरी ओर, पैराग्वे पहले हाफ में सिर्फ एक शॉट ही लगा सका, जो गोल पोस्ट के बाहर गया। इस तरह पहले हाफ में कोई गोल नहीं लग सका।
दूसरे हाफ में पैराग्वे ने बेहतर शुरुआत की और अधिक आक्रामक खेल दिखाया। युवा खिलाड़ी जूलियो एन्सिसो ने टीम के हमलों को गति दी और ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस को कई बार चुनौती दी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए पैराग्वे को बढ़त नहीं बनाने दी। मैच के अंतिम चरण में दोनों टीमों ने बदलाव किए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेटे येंगी और पॉल ओकोन-एंगस्टलर मैदान पर आए, लेकिन वे भी गोल नहीं कर सके। वहीं, पैराग्वे के मौरिसियो के शॉट का ऑस्ट्रेलियाई गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव किया। हालांकि, दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस के चलते मुकाबले में कोई गोल नहीं हो सका।