मुंबई(एजेंसी) : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीन लोगों में से दो पर फायरिंग करने का संदेह है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच के लिए राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी होते हुए फरार हुए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
वारदात से पहले रेकी करने का शक
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपियों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस के अनुसार, उन्हें अभिनेता के रविवार को जुहू स्थित फुटबॉल ग्राउंड आने की जानकारी थी। इसी आधार पर पुलिस वारदात की योजना और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
फायरिंग में टाइगर और ड्राइवर को लगी चोट
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी। अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से उनके बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोटें आईं।
इस मामले में लॉरेंस गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस जांच में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि होना बाकी है।
फिल्मी सितारे भी बन चुके हैं निशाना
पिछले चार वर्षों में सलमान खान समेत आठ अभिनेता और गायक हमलों का सामना कर चुके हैं। टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं और फरार आरोपियों तथा वारदात के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हैं।