कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कुल्लू दशहरा के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष तथा कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशामुक्त हिमाचल' है। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश से नशे को जड़ से उखाड़ना और नशामुक्त हिमाचल का निर्माण करना है।
ठाकुर ने कहा कि नशामुक्त हिमाचल उनकी सरकार का लक्ष्य है। देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार का उद्देश्य है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से युवाओं को नशे के घातक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें नशे से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से लोक संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही समाज में जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष के रूप में उनका उद्देश्य कुल्लू दशहरा को सांस्कृतिक गौरव के साथ-साथ सामाजिक चेतना और जनकल्याण का संदेश देने वाला उत्सव बनाना है। उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और नशामुक्ति अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।