सेलेब रियलिटी शो लॉक अप के दूसरे सीजन का आगाज हो चुका है। इस बार शो का कांसेप्ट है 'लॉक अप: सच या सजा'। इस नए सीजन की अलग बात ये है कि इस बार कंगना रनौत इस शो की होस्ट नहीं है। एक्टर रितेश देशमुख ने होस्ट की कुर्सी संभाली है। लेकिन जब शो की प्रोड्यूसर एकता कपूर से इसके पीछे की वजह पूछी गई तो उन्होंने कुछ अलग ही जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कंगना समझ जाएंगी।शो का कांसेप्ट अलग और नया है इसलिए इसमें कुछ भी पुराना नहीं रखा गया है।
इसलिए कंगना रनौत को नहीं लाया गया वापस
सोमवार को लॉक अप के नए सीजन का लॉन्च इवेंट हुआ था। इस दौरान फराह खान, रितेश देशमुख, एकता कपूर और नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल मौजूद थीं। इस लॉन्च इवेंट पर जब एकता कपूर से पूछा गया कि इस नए सीजन में कंगना रनौत को दोबारा होस्ट क्यों नहीं बनाया गया। सवाल का जवाब देते हुए एकता कपूर ने कहा, 'शो का पूरा फॉर्मेट, शो का विजन बदल गया है। पहले जेलर और जज वाला फॉर्मेट था। पहले सीजन का कुछ भी इस नए सीजन में नहीं रखा गया है। न यहां जेलर है और न ही होस्ट।' एकता ने आगे कहा कि पिछले सीजन का कुछ भी वापस दिखाना कुछ भी नया और फ्रेश कंटेंट नहीं दे पाता। मुझे यकीन हैं कि कंगना ये समझ जाएंगी।
नेटफ्लिक्स पर आने की वजह
एकता कपूर का पिछला शो ऑल्ट बालाजी और MX प्लेयर पर प्रीमियर हुआ था। लेकिन अब नया सीजन नेटफ्लिक्स पर दिखाया जाएगा। इस बारे में एकता कपूर ने कहा, ‘पिछले कुछ सालों में मैंने कई टीवी शो बनाए हैं, लेकिन 'लॉक अप: सच या सज़ा' की अपनी एक अलग जगह है। यह शो दिखावे और आराम को हटाकर लोगों को ऐसे माहौल में रखता है जहां हर फैसले, हर रिश्ते और हर राज का एक नतीजा निकलता है। जब आप बाहरी दुनिया से कट जाते हैं, तो छिपने की कोई जगह नहीं होती। यह सिर्फ एक और रियलिटी शो नहीं है बल्कि एक सोशल एक्सपेरिमेंट है जिसमें हर मोड़ पर एंटरटेनमेंट, ड्रामा और सरप्राइज हैं। इस शो को Netflix पर लाने से नई और रोमांचक संभावाएं को मौके मिलेंगे।’
लॉक अप 27 जून से शुरू हो रहा है
लॉक अप के नए सीजन में 14 सेलेब्रिटीज नजर आने वाले हैं। इस बार भी कई जबरदस्त टास्क और कंटेस्टेंट को मुश्किल में डालने के लिए बड़े फैसले लिए जाएंगे। शो 27 जून से नेटफ्लिक्स पर शनिवार से बुधवार को शाम 8 बजे दिखाया जाएगा।