शिमला : मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने प्राथमिक शिक्षकों को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार शिक्षक दिवस से पहले नई काम्पलैक्स प्रणाली पर उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस व्यवस्था की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा करेगी और यह तय करेगी कि इसमें सुधार की आवश्यकता है या इसे पूरी तरह वापस लिया जाए। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश का न्यू काम्पलैक्स सिस्टम के विरोध में व अन्य 25 सूत्री मांग पत्र को लेकर चौड़ा मैदान शिमला में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और शिक्षक संघ के बीच होने वाली आगामी बैठक में इस विषय पर निष्पक्ष एवं सहानुभूतिपूर्ण निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्राथमिक शिक्षकों के विरुद्ध की गई निलंबन की कार्रवाइयों, विभागीय जांचों तथा दर्ज एफ.आई.आर. को वापस लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्य अध्यापकों, केंद्र मुख्य अध्यापकों तथा खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों के अधिकारों की शक्तियों में कमी नहीं की जाएगी।
साथ ही प्राथमिक विद्यालयों में खेल गतिविधियों को भी पुनः शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जे.बी.टी. शिक्षकों को टी.जी.टी. पदों पर पदोन्नति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक शिक्षक संघ की मांगों पर शनिवार को सचिवालय में संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में विस्तार से चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
धरना-प्रदर्शन में पहुंचे 15000 से ज्यादा लोग
इससे पहले शिक्षक भवन चक्कर से सुबह प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा पैदल राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा की अगुवाई में चौड़ा मैदान पहुंची। चौड़ा मैदान में हजारों की संख्या में एकत्र प्राथमिक शिक्षकों, सेवानिवृत्ति प्राथमिक शिक्षकों, मिड-डे मील वर्कर्ज, मल्टी टास्क वर्कर्ज, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, बेरोजगार प्रशिक्षित जेबीटी व नर्सरी टीचर्स ने नारेबाजी के साथ यात्रा दल का अभिवादन किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने न्यू काम्पलैक्स सिस्टम का विरोध किया और इस संबंध में 23 सितम्बर 2025 को की गई अधिसूचना को वापस लेने की मांग की। प्राथमिक शिक्षकों के खाली 5000 पदों को भरने, नर्सरी टीचर्स भर्ती करने, मुख्य शिक्षक पदोन्नति लाभ दिए जाने, जेबीटी से टीजीटी प्रमोशन करने, हायर ग्रेड पे का लाभ जारी करने की 25 मांगों को पूरा करने तक संघर्ष का ऐलान किया।
अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा, महासचिव रजनीश कौशिक ने कहा कि संघ ने रविवार शाम से ही अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन निदेशालय स्कूल शिक्षा के समक्ष प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा जब तक मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, उस समय तक प्राथमिक शिक्षक संघ का संघर्ष जारी रहेगा।