शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शपथ लेने के बाद बिना मंत्रिमंडल गठन के ही राजनीतिक प्रतिशोध में 1000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए, जो अब अढ़ाई हजार पार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश के 3214 स्कूलों में सिर्फ एक शिक्षक तैनात है, जिससे छात्र संख्या घट रही है। सरकार जेबीटी और टीजीटी के 6000 पद भरने के बजाय संस्थान डिनोटिफाई कर रही है।
चार साल बीतने के बाद भी सरकार के पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। जयराम ने सरकार के कर्मचारी हितैषी होने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार कर्मचारी हितैषी है, तो आज कर्मचारी और पैंशनर्ज अपनी मांगों के लिए धरने पर क्यों बैठे हैं, राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता द्वारा बार-बार नकारे जा रहे नेतृत्व को ढोने से कुछ हासिल नहीं होगा। नगर पंचायत कंडाघाट के नवनिर्वाचित पार्षदों और अध्यक्ष ने शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। जयराम ठाकुर ने सभी प्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारी की बधाई दी।