शिमला : दीवाली से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार उनकी कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की सूचना है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण विषय मंत्रिमंडल विस्तार का माना जा रहा है। इसके तहत यदि किसी 1 मंत्री को हटाया जाता है, तो सरकार में 2 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शिमला संसदीय क्षेत्र से 1 मंत्री को हटाए जाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
इस समय मंत्री पद की दौड़ में सुंदर सिंह ठाकुर, संजय रत्न और आशीष बुटेल के नाम चर्चा में हैं। ऐसे में जब भी मंत्रिमंडल विस्तार होगा, उसको आगामी वर्ष, 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर ही किया जाएगा। पार्टी इसके माध्यम से क्षेत्रीय संतुलन को साधने का प्रयास भी करेगी। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विधानसभा के उपाध्यक्ष पद और मुख्य सचेतक के पद को भरे जाने की भी संभावनाएं हैं। जानकारी के अनुसार इससे पहले हाईकमान की तरफ से 30 सितम्बर को मुख्यमंत्री से भी मंत्रियों की पसंद और उनको आबंटित किए जाने वाले विभागों की जानकारी मांगी गई थी। इसी संदर्भ में फिर से मुख्यमंत्री की चर्चा होने की सूचना है।