शिमला : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि 12 वर्ष में भारत विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने कहा कि तमाम वैश्विक चुनौतियां के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम के भाव से काम किया है। अनुराग ठाकुर शिमला के विश्व प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाखू में माथा टेकने के बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करने के पश्चात पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के माध्यम से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाई, जी-20 की सफल अध्यक्षता कर भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ाया तथा इंडिया फर्स्ट की नीति के साथ हर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर भाजपा का स्पष्ट संकल्प है। इसकी शुरूआत उत्तराखंड से हो चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से इसे लागू किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान अपनी विफलताओं का ठीकरा भारत पर फोड़ता है। पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ आतंकवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिस कारण उसके आंतरिक हालात ठीक नहीं हैं।
केंद्र सरकार से लगातार मिल रहा आर्थिक सहयोग
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। हाल के वर्षों में आपदा पुनर्निर्माण, पूंजीगत निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए भी केंद्र की तरफ से सैंकड़ों करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वित्तायोग के माध्यम से करों में हिस्सेदारी और अन्य केंद्रीय सहायता के रूप में भी हिमाचल को लगातार सहयोग मिल रहा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश को 2,247 करोड़ रुपए की लागत से 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें करीब 2,019 करोड़ रुपए केंद्र सरकार वहन करेगी।
राज्यपाल से की मुलाकात
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिमला स्थित लोक भवन में भेंट की। उन्होंने राज्यपाल का पारंपरिक हिमाचली रीति से अभिनंदन करके प्रदेश हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।