कुल्लू : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अटल टनल वैश्विक स्तर का इंजीनियरिंग चमत्कार है, जिसे बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन ने बेहतरीन समर्पण के साथ बनाया है। यह शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ संकल्प और सबसे मुश्किल इलाकों में भी निर्बाध कनैक्टिविटी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। राष्ट्रपति ने बुधवार को रोहतांग में अटल टनल का दौरा किया। मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ रखने वाली अटल टनल का उद्घाटन 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस दौरान राष्ट्रपति को बीआरओ के अधिकारियों ने टनल से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी।
राष्ट्रपति टनल के साऊथ और नाॅर्थ पोर्टल पर भी रुकीं और टनल के अंदर काफी देर रुक कर इसे निहारा। चीन बाॅर्डर और कारगिल व लेह-लद्दाख पहुंचने के लिए यह टनल भारत की बेहतरीन डगर है। इससे आगे बन रही अन्य टनलों के संदर्भ में भी उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने अटल टनल निर्माण से पूर्व की लाहौल-स्पीति और आगे के इलाकों की विषम परिस्थितियों के बारे में भी जाना।
लोगों ने ली सैल्फी
राष्ट्रपति ने अटल टनल से लौटकर मनाली माल रोड पर चहलकदमी की। इस दौरान कड़े सुरक्षा घेरे में वे माल रोड पर घूमीं और लोगों व पर्यटकों से बातचीत की। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ सैल्फी भी ली। राष्ट्रपति ने मनाली और कुल्लू व लाहौल की खूबसूरत वादियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पर्यटन के लिए यह बेहतरीन पड़ाव है। अटल टनल के नाॅर्थ पोर्टल पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा और अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।