नग्गर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री मुर्मू ने अपने मनाली दौरे के दौरान नग्गर स्थित निकोलाई रोरिक आर्ट गैलरी का भ्रमण किया। इतिश्री मुर्मू ने रूसी चित्रकार और दार्शनिक निकोलाई रोरिक द्वारा बनाए गए हिमालय के शानदार चित्रों और कलाकृतियों को देखा और उनकी कला की सराहना की। इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफी भी की। उन्होंने रोरिक परिवार के ऐतिहासिक निवास स्थान (जो अब एक हैरिटेज म्यूजियम है), उनके द्वारा उपयोग की जाने वाली पुरानी विंटेज कार और वहां संरक्षित की गई दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्रियों का भी अवलोकन किया।
इतिश्री मुर्मू कुल्लू-मनाली घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शैलियों और वहां के शांत वातावरण से काफी प्रभावित नजर आईं। रोरिक संग्रहालय की क्यूरेटर डॉ. लारिसा सुरगीना ने इतिश्री मुर्मू को रोरिक के चित्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोरिक अपने परिवार के साथ सन् 1928 में यहां आए थे और यहां रहकर हिमालय शृंखलाओं की यात्रा की और कई चित्र बनाए। इस मौके पर भारतीय क्यूरेटर सुरेश नड्डा सहित कई लोग मौजूद रहे।