सुंदरनगर : हिमाचल प्रदेश में पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सुंदरनगर के ऐहन स्थित कोल डैम जलाशय में एडवैंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करना और स्थानीय आर्थिकी को मजबूत करना है।
पर्यटन से रोजगार और राजस्व वृद्धि पर सरकार का जोर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पर्यटन क्षेत्र प्रदेश के लाखों परिवारों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाता है और राज्य के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति देंगी। राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले सरकार बिलासपुर में भी इसी प्रकार की जल क्रीड़ा गतिविधियां सफलतापूर्वक शुरू कर चुकी है।
आत्मनिर्भर हिमाचल की सोच हो रही साकार : सोहन लाल ठाकुर
इस मौके पर पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की मुख्यमंत्री की सोच अब धरातल पर साकार रूप ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोल डैम में इन जल क्रीड़ा गतिविधियों के शुरू होने से न केवल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि स्वरोजगार के हजारों नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे स्थानीय लोगों की आय में भारी वृद्धि होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों सहित ये गण्यमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
सुंदरनगर के ऐहन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासन और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर हिमाचल जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, डीसी अपूर्व देवगन, एसपी विनोद कुमार और एसडीएम अमर नेगी सहित अन्य कई गण्यमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे।