शिमला/कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में सामने आई छेड़छाड़ की घटना पर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए आरोपी लैब असिस्टैंट को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुक्खू अपने रामपुर दौरे से वापस लौटे थे, जिसके बाद यह मामला उनके संज्ञान में लाया गया। मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की घटना को मुख्यमंत्री ने बेहद गंभीरता से लिया और बिना किसी देरी के आरोपी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।
इस मामले में संबंधित अधिकारियों और प्रशासन द्वारा शुरूआती कार्रवाई में की गई देरी पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके और संस्थान में सुरक्षित माहौल कायम रहे।