हमीरपुर : सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश की रक्षा और सुरक्षा में भारतीय सेना के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय केवल एक सैन्य उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रीय एकता का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय सेना की वीरगाथाओं से परिचित करवाना समय की आवश्यकता है, ताकि उनमें राष्ट्रभक्ति और सेवा का भाव निरंतर सुदृढ़ होता रहे। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के वीर सैनिकों के साथ हिमाचल प्रदेश के जवानों ने भी कारगिल युद्ध में अद्वितीय साहस का परिचय दिया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए।
उन्होंने कहा कि परमवीर चक्र विजेता स्वर्गीय कैप्टन विक्रम बतरा और परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार के अद्वितीय पराक्रम ने न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कैप्टन सौरभ कालिया तथा हिमाचल प्रदेश के 52 वीर जवानों की शहादत को राष्ट्र सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण करेगा। उन्होंने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के सभी वीर नायक आने वाली अनेक पीढ़ियों को राष्ट्र रक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते रहेंगे।