हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने जेबीटी पदों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग द्वारा पोस्ट कोड-26015 के तहत आयोजित की जाने वाली डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन प्रक्रिया को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने इस स्थगन के संबंध में आधिकारिक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने जेबीटी (पोस्ट कोड-26015) की कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट (सीबीटी) परीक्षा पास कर ली थी, उनकी डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन आगामी 14 सितम्बर से आरंभ की जानी तय थी। पूरी तैयारियां होने के बावजूद कुछ अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों के चलते ऐन मौके पर इस प्रक्रिया को रोकना पड़ रहा है।
अभ्यर्थियों की चिंताओं को दूर करते हुए सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अस्थायी स्थगन है। डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए नई तिथियों और शैड्यूल पर काम किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही आयोग द्वारा आधिकारिक रूप से जारी कर दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचें और आगामी सूचना व नए शैड्यूल के अपडेट के लिए नियमित रूप से राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वैबसाइट को चैक करते रहें।