हमीरपुर : सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं के जमावड़े पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता पहले से ही संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और अब हिमाचल भवन को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस सरकारी परिसर का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया हो। उन्होंने कहा कि एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को प्रभावित करने वाला शर्टलैस प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय भी प्रदर्शन के बाद वहां से निकले कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को पहले हिमाचल भवन और फिर हिमाचल प्रदेश में संरक्षण दिया गया।
वहीं आज एक बार फिर मंडी हाऊस स्थित हिमाचल भवन में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं का जमावड़ा लगा है। करीब 200 से 250 लोगों की मौजूदगी के कारण आम लोगों को परिसर में आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल भवन प्रदेश के लोगों और सरकारी कार्यों के लिए है, न कि राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार पर लगातार बढ़ते कर्ज का बोझ है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में स्थित हिमाचल भवन का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसरों का उपयोग जनहित और प्रशासनिक कार्यों के लिए होना चाहिए।