धर्मशाला : कांगड़ा जिला के टांडा फायरिंग रेंज के आसपास रहने वाले लोगों के लिए प्रशासन की तरफ से एक जरूरी अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय सेना द्वारा 24 जुलाई को टांडा फायरिंग रेंज में फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने स्थानीय लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार भारतीय सेना द्वारा 24 जुलाई को सुबह 8 बजे से लेकर रात्रि 8 बजे तक फायरिंग रेंज में अभ्यास किया जाएगा फायरिंग अभ्यास के दृष्टिगत सहायक आयुक्त ने टांडा फायरिंग रेंज के बिल्कुल निकटवर्ती गांवों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने कोहाला, कच्छयारी, खोली और घुरकड़ी गांवों के निवासियों से विशेष आग्रह किया है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 जुलाई को निर्धारित फायरिंग प्रशिक्षण के समय रेंज के आसपास के क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएं।
प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे खुद सुरक्षित स्थानों पर रहने के साथ-साथ अपने पालतू जानवरों और मवेशियों का भी खास ध्यान रखें। इस दौरान जानवरों को चरने के लिए फायरिंग रेंज की तरफ या खुले में न छोड़ें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या जानमाल के नुक्सान से बचा जा सके।