पाकिस्तान वर्सेस वेस्टइंडीज दो मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी रविवार, 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाना है। इस मैच को अपने नाम कर मेजबान टीम की नजरें पाकिस्तान को 2-0 से धूल चटाने पर होगी। वेस्टइंडीज ने पहला टेस्ट 90 रनों के अंतर से जीता था। वेस्टइंडीज अगर दूसरा टेस्ट भी जीतने में कामयाब रहता है या फिर यह टेस्ट ड्रॉ भी रहता है तो वह पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज अपने नाम कर लेगा। वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी टेस्ट सीरीज 26 साल पहले 2000 में जीती थी। इसके बाद चार बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा, वहीं इतनी ही बार सीरीज ड्रॉ रही।
2000 में भी मुश्किल से जीता था वेस्टइंडीज
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच 2000 में तीन मैच की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। सीरीज के पहले दो मुकाबले ड्रॉ होने के बाद आखिरी मुकाबले में दोनों टीमों की नजरें सीरीज को अपने नाम करने पर थी।
पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए मोहम्मद यूसुफ के शतक के दम पर 269 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 4 रन की लीड हासिल करने में कामयाब रही थी। उनकी पहली पारी 273 रनों पर सिमटी थी। शिवनरेन चंद्रपॉल ने 89 रनों की सर्वाधिक पारी खेली थी, वहीं वसीम अकरम ने 6 विकेट चटकाए थे।
पाकिस्तान की दूसरी पारी 219 रनों पर ही सिमट गई थी। वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 216 रनों का टारगेट था।
इस स्कोर का पीछा करते हुए मेजबान टीम 197 के स्कोर पर 9 विकेट खो चुकी थी। पाकिस्तान की जीत के आड़े जिमी एडम्स अटके हुए थे। उन्होंने आखिरी विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को मात्र 1 विकेट से यह मैच जिताया।
जिमी एडम्स ने 212 गेंदों का सामना करते हुए 48 रनों की नाबाद पारी खेली। वसीम अकरम ने इस पारी में भी पंजा खोला था।
पाकिस्तान जरूर यह मैच हारा था, मगर वसीम अकरम को उनके लाजवाब परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया था।