अनुभवी क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने संजू सैमसन को जिम्बाब्वे सीरीज से बाहर रखने पर हैरानी जताई है। उनको अजीब लग रहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हीरो का टीम इंडिया से पत्ता कट गया। भारत को 23 जुलाई से जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज सैमसन ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। हालांकि, सैमसन भारत के लिए पिछले तीन मैचों में फ्लॉप रहे। उन्होंने आयरलैंड में पांच रन बनाने के अलावा गोल्डन डक झेला। वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में एक रन बनाकर लौटे। सैमसन को इंग्लैंड में दूसरे मैच में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंसी ने रिप्लेस किया। सूर्यवंशी जिम्बाब्वे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में हैं।
'उम्मीद है कि संजू सैमसन से…’
तीन सालों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे रहाणे ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ''उम्मीद है कि संजू सैमसन से इस बारे में कुछ बातचीत की गई होगी। यह अजीब है कि हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के जीत के हीरो को जिम्बाब्वे के लिए टी20 टीम से बाहर कर दिया गया। उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम में वापस आएंगे।'' जिम्बाब्वे दौरे के लिए सैमसन की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल किया गया है। प्रभसिमरन ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। वह हांगझोऊ में हुए 2023 एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। सैमसन के लिए आईपीएल का 19वां सीजन अच्छा रहा था, जिसमें उन्होंने दो शतक लगाए लेकिन सूर्यवंशी को अधिक मौके देने की जरूरत के कारण शायद चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में 31 साल के सैमसन को शामिल नहीं किया।
संजू सैमसन को आराम दिया गया?
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सैमसन को टीम में शामिल नहीं करने की वजह नहीं बताई लेकिन वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जो फिलहाल इंग्लैंड में हैं और टीम में जगह नहीं बना पाए। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक सूत्र ने कहा, ''इसमें हैरानी की क्या बात है कि संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया है? जो लोग ऐसा कह रहे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा हैं इसलिए जो लोग चयन समिति की आलोचना कर रहे हैं उन्हें थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए। जब सैमसन को खेलना ही नहीं है तो उन्हें साथ ले जाने का क्या मतलब? वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं।''
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन , शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरूण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा।