बिलासपुर : चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब को हिमाचल प्रदेश में खपाने की एक बड़ी कोशिश को राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने नाकाम कर दिया है। विभाग की टीम ने बीती आधी रात को गरामोड़ा बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 180 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब पर स्पष्ट रूप से 'केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए' लिखा हुआ था। मामले में वाहन सवार 2 लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम गत रात करीब 12:05 बजे गरामोड़ा बैरियर पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन (एचपी 82ए-4645) को चैकिंग के लिए रोका गया। जब टीम ने वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो उसके अंदर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से जब इस शराब की खेप के संबंध में पूछताछ की गई, तो वे कोई भी वैध परमिट या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आबकारी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया तथा दोनों आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उपायुक्त हरीश छाहटे ने बताया कि इस सफल कार्रवाई को विभागीय टीम द्वारा अंजाम दिया गया। इस टीम में सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पंकज राणा, आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी राकेश कुमार और चालक सौरव शामिल थे।
3 दिन के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई
उपायुक्त हरीश छाहटे ने स्पष्ट किया कि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए सीमावर्ती बैरियरों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। अंतर्राज्यीय तस्करी पर नकेल कसने के लिए विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। बता दें कि अवैध शराब के खिलाफ बीते 3 दिनों के भीतर विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले गत मंगलवार को भी विभागीय टीम ने इसी गरामोड़ा बैरियर पर पंजाब मार्का बीयर की 150 पेटियां बरामद कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरा था। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।