शिमला : विधानसभा में शून्यकाल के दौरान पक्ष-विपक्ष के सदस्यों की तरफ से 8 विषयों को उठाए गया, जबकि 2 सदस्य अनुपस्थित रहने के कारण अपने विषयों को नहीं उठा पाए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार की तरफ से उठाए गए विषय में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कोरोना काल में बंद हुए बसों के 3 महत्वपूर्ण रूट बहाल कर दिए जाएंगे। इन रूटों पर नई इलैक्ट्रीकल बसों को चलाया जाएगा। इससे पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हमीरपुर जिला के लिए 35 नई बसें उपलब्ध करवाई गई हैं तथा मुख्यमंत्री अपने गृह जिला में बसों के आबंटन से संबंधित स्वयं निर्णय लें।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू की तरफ से उठाए विषय का उत्तर देते हुए कहा कि इस समय सरकारी अधिग्रहण में करीब 3 दर्जन मंदिर आते हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के एक आदेश के बाद इन मंदिरों की राशि विज्ञापनों पर खर्च करने, गाड़ी की खरीद करने, लोगों के इलाज एवं निर्धन बच्चों की फीस पर राशि खर्च करने पर रोक लगा दी है। सरकार इस बारे में विधि विशेषज्ञों की राय ले रही है तथा हाईकोर्ट में याचिका को दायर करेगी। इससे पहले विधायक सुदर्शन बबलू ने माता चिंतपूर्णी न्यास से गरीब लोगों की बेटियों की शादी, लोगों के इलाज और फीस पर रोक को हटाए जाने की मांग की।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक बलबीर वर्मा की तरफ से उठाए मामले के जवाब में कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र को डीजल की बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने शून्यकाल के दौरान भूमिहीन लोगों को बीपीएल में शामिल करने को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में पावर कट से आ रही परेशानी का मामला उठाया।
भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने पापुलर व सफेदा कटान की प्रक्रिया को ऑनलाइन के माध्यम से पेचीदा किए जाने और इसमें प्रति पेड़ 90 रुपए शुल्क वसूलने पर आपत्ति जताई। उन्होंने सरकार से इसमें राहत देने की मांग की। भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में एक जाति का नाम ऑनलाइन गलत दर्ज होने पर आपत्ति जताई। उन्होंने इस विसंगति को दूर करने की मांग की। भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में डीनोटिफाई किए गए थाना को फिर से खोलने की मांग की।