शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि राज्य सरकार सेवा की निर्धारित पात्रता पूरी कर चुके पंचायत चौकीदारों को नियमित करेगी। शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित पंचायत चौकीदार यूनियन के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार पंचायत चौकीदारों की लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक निर्णय ले रही है।
चौड़ा मैदान में पंचायत चौकीदार मुख्यमंत्री और सरकार का आभार प्रकट करने के लिए एकत्रित हुए थे, जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह व इंटक के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद, पंचायत चौकीदार यूनियन (इंटक) के प्रदेशाध्यक्ष प्रेम वर्धन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम ने कहा कि सरकार पंचायत चौकीदारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव संवेदनशील रही है। इसी दिशा में कदम उठाते हुए वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में उनके मानदेय में 500 रुपए की वृद्धि कर इसे 9,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है।