मुंबई : '12वीं फेल' जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी अक्सर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मुसाफिर कैफे' को लेकर सुर्खियों में हैं। समाचार एजेंसी से खास बातचीत में उन्होंने अभिनय को लेकर अपनी सोच और निजी जिंदगी के अनुभवों पर खुलकर बात की है। अभिनेता ने कहा कि प्यार, दिल टूटने और जिंदगी के अलग-अलग अनुभव ही उनके किरदारों को वास्तविक बनाने में सबसे बड़ी ताकत हैं।
समाचार एजेंसी से बात करते हुए विक्रांत मैसी ने कहा, ''अभिनय केवल लाइन्स बोलने या किसी किरदार की नकल करने का नाम नहीं है। किसी भी किरदार को जीवंत बनाने के लिए कलाकार को अपने भीतर के अनुभवों और भावनाओं का सहारा लेना पड़ता है। हर इंसान की तरह मैंने भी जीवन में कई अच्छे और बुरे दौर देखे हैं और वही अनुभव आज मेरे अभिनय की ताकत बन चुके हैं।''
विक्रांत ने कहा, ''मेरे जीवन में बहुत सारे अनुभव रहे हैं। मैंने भी प्यार में पड़ने का एहसास महसूस किया है; मेरे साथ भी दिल टूटने जैसी घटनाएं हुई हैं। कहीं न कहीं आपकी जिंदगी के अनुभव आपके अभिनय में दिखाई देते हैं। मैं प्रशिक्षित अभिनेता नहीं हूं, इसलिए अपने किरदारों में बहुत सी चीजें अपनी असल जिंदगी और निजी अनुभवों से लेता हूं।''
उन्होंने आगे कहा, ''कुछ यादें ऐसी होती हैं जो कभी भूली नहीं जाती। जब आप कोई किताब पढ़ते हैं, फिल्म देखते हैं या किसी स्क्रिप्ट पर काम करते हैं, तब जिंदगी के वही अनुभव अपने आप सामने आने लगते हैं। एक अभिनेता के तौर पर आप उन भावनाओं को अपने किरदार में शामिल करने की कोशिश करते हैं और यही अभिनय को ज्यादा वास्तविक बनाता है।''
बातचीत के दौरान विक्रांत मैसी ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने टेलीविजन से फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया था, तब कई लोगों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। सिर्फ इसलिए कि उनकी पहचान टीवी अभिनेता के रूप में थी, उनकी काबिलियत पर सवाल उठाए गए।
उन्होंने कहा, "जब मैं टेलीविजन से फिल्मों में आया, तब कई लोग कहते थे, 'ये टीवी एक्टर है, क्या करेगा? इसे काम करना नहीं आता।' उस समय ऐसी बातें अक्सर सुनने को मिलती थीं। लेकिन मेरा मानना है कि आपकी काबिलियत, आपकी मेहनत और प्रतिभा आपकी पहचान बनाती है। आपका बैकग्राउंड आपकी सफलता या असफलता तय कर सकता है।"
विक्रांत मैसी अपनी आगामी फिल्म 'मुसाफिर कैफे' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। यह 24 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।