शिमला : हिमाचल में डीजल और पेट्रोल पर लगाए सेस पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि देश में इन कीमतों में हुई बढ़ोतरी और जबरन इथेनॉल लागू करने पर भाजपा नेता अपनी बात रखें। लोक निर्माण मंत्री बुधवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि देश में डीजल और पेट्रोल के दाम हर समय बढ़े हुए हैं। पहले भाजपा को इस पर जबाव देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की लापरवाही के कारण रूस से सस्ता कच्चा तेल नहीं मिल पा रहा है।
इस कारण बिटुमिन भी पहले की तरह कम दाम पर नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रदेश में टारिंग न होने की बात करता है, लेकिन जिस रेट पर टेंडर दिया, उस पर बिटुमिन के बढ़े दामों के चलते ठेकेदार काम करने को तैयार नहीं है। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि एथेनाल की वजह से गाडिय़ों के इंजन सीज़ हो रहे है। इसके लिए क्या किसी की जवाबदेही नहीं है। भाजपा को पहले इसका का जवाब देना चाहिए।
ज्यादा देर बंद न रहें रोड
विक्रमादित्य ने कहा कि मानसून सीजन में सेब बाहुल्य क्षेत्रों को लेकर विभाग को विशेष तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि सडक़ें अधिक समय तक बंद न रहें। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र से दो सडक़ों की अपग्रेडेशन के लिए राशि स्वीकृत हुई है। इसके टेंडर प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।