हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेल सेवा के यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर आगामी दो जून से ट्रेनों का संचालन फिर से बहाल होने जा रहा है। सुरक्षा और ट्रैक मॉनिटरिंग को ध्यान में रखते हुए शुरुआती चरण में सीमित संख्या में ही ट्रेनें चलाई जाएंगी। चक्की पुल के बह जाने के कारण यह सेवा लंबे समय से बाधित थी, जिसे अब रेलवे ने पूरी तरह दुरुस्त कर लिया है। सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही इसका आधिकारिक आदेश जारी कर दिया जाएगा।
रेलवे ने आपदा को अवसर में बदलते हुए चक्की नदी पर लगभग 70 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से एक नया और अत्याधुनिक पुल तैयार किया है। इस साल फरवरी 2026 में रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने नए पुल का बारीकी से निरीक्षण किया था और इसे ट्रेनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया था।