मुंबई : नाग पंचमी के अवसर पर अभिनेत्री कुब्रा सैत ने एक महत्वपूर्ण और जागरूकता भरा संदेश साझा करते हुए लोगों का ध्यान सांपों के साथ होने वाली क्रूरता की ओर आकर्षित किया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने वीडियो में उन्होंने बताया कि जिस परंपरा को हम बाहर से श्रद्धा, आस्था और पौराणिक मान्यताओं से जोड़कर देखते हैं, उसके पीछे कई बार एक कड़वी सच्चाई भी छिपी होती है।
कुब्रा ने बताया कि नाग पंचमी के दौरान कई जगहों पर सांपों को पकड़कर प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किया जाता है, उन्हें अनुचित परिस्थितियों में रखा जाता है और कई बार उनके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नाग देवता के प्रति सम्मान केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जीवित सांपों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण में भी दिखाई देना चाहिए।
अपने संदेश में अभिनेत्री ने यह भी कहा कि आस्था और करुणा एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि किसी परंपरा के कारण किसी जीव को पीड़ा पहुंचती है, तो उस पर पुनर्विचार करना जरूरी है। कुब्रा का मानना है कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची श्रद्धा का प्रतीक है।
मिथकों, रहस्यों और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा नाग पंचमी का पर्व सदियों से मनाया जाता रहा है, लेकिन कुब्रा सैत का यह संदेश लोगों को परंपराओं को अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ देखने की प्रेरणा देता है। सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को काफी सराहना मिल रही है और कई लोग वन्यजीव संरक्षण को लेकर उनकी पहल का समर्थन कर रहे हैं।