सोशल मीडिया पर दलेर मेहंदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आप मंत्री सुबोध उनियाल को सिंगर पर भड़कते देख सकते हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले का है। इस वीडियो में बीजेपी नेता और मंत्री सुबोध उनियाल को सिंगर पर भड़कते देखा जा सकता है। सुबोध उनियाल की इस हरकत पर सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है।
दलेर मेहंदी पर लगा शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप
इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी को लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया था। लेकिन दलेर मेंहदी की आवाज गाते हुए लड़खड़ाने लगी। दावा किया जा रहा है कि दलेर मेहंदी ने शराब पी हुई थी जिस वजह से उन्हें गाने में दिक्कत हो रह थी। हालांकि, शराब वाले दावे पर दलेर मेहंदी या उनकी टीम की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दलेर मेहंदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई पड़ता है कि दलेर मेहंदी गाना गा रहे होते हैं कि तभी कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंच जाते हैं। सुबोध सिंगर दलेर मेहंदी से कहते हैं- बोला तो आपसे जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे?
क्या बोले मंत्री सुबोध उनियाल?
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुबोध उनियाल ने स्टेज पर चढ़कर दलेर मेहंदी की फटकार लगाई। उन्होंने कहा, "यहां मां दुर्गा की आराधना और नवरात्र का धार्मिक आयोजन हो रहा है। ऐसे पावन अवसर पर शराब के नशे में कार्यक्रम प्रस्तुत करना उचित नहीं है। आप शराब पीकर गाना गा रहे हैं, अच्छी बात नहीं है। आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे? आपको इस मंच का सम्मान करना चाहिए था। आपने इतनी ज्यादा पी रखी है कि आपसे बोला नहीं जा रहा है। इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया, ताकि हमारे लोग एंटरटेन हो। लेकिन आप तो उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं।
मंत्री पर ही भड़के सोशल मीडिया यूजर्स
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। लोगों ने मंत्री उनियाल के व्यवहार पर नाराजगी जताई है। एक यूजर ने लिखा- वो बूढ़े (दलेर मेहंदी) हो गए हैं और फिर भी परफॉर्म कर रहे हैं, सिर्फ और सिर्फ लोगों के प्यार की वजह से। उनकी इस तरह से बेइज्जती करना ठीक नहीं है। बोले जा रहा है माइक पर कुछ भी।