करसोग : जिला मंडी के उपमंडल करसोग में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार स्थिर नहीं है तथा हिमाचल में कभी भी चुनाव का बिगुल बज सकता है। कांग्रेस के कद्दावर नेता व मंत्री भाजपा के सम्पर्क में हैं तथा भाजपा के टिकट पर आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। जयराम ठाकुर करसोग में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों व भाजपा कार्यकर्त्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के मुखिया सिर्फ कुर्सी पर बने रहना चाहते हैं तथा प्रदेश हित से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। मित्र मंडली के फैसलों पर चलने वाले मुख्यमंत्री ने बदले की भावना के चलते भाजपा सरकार द्वारा चलाई गई अधिकतर जन कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया है। जिसका खमियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। गारंटियों के नाम पर सत्ता हासिल करने वाली कांग्रेस अब चंद दिनों की मेहमान है। जनता बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है ताकि कांग्रेस को सबक सिखाया जा सके।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस संगठन और सरकार की गुटबाजी के चलते मंत्रिमंडल की बैठक तक नहीं हो पा रही है, जिसका सीधा असर प्रदेश की जनता पर पड़ रहा है। आर्थिक तंगी का रोना रोने वाले मुख्यमंत्री ने महज अपने कार्यालय पर ही तकरीबन 50 करोड़ रुपए खर्च कर दिए हैं। आपदा से सड़कें तबाह हुईं, लेकिन वे दुरुस्त नहीं की गईं। जिन सड़कों पर पहले गाड़ियां दौड़ती थीं, वे इस कदर तहस-नहस हैं कि उन पर चलना तक मुश्किल हो रहा है। 4 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भी मुख्यमंत्री के पास बताने के लिए अपनी एक भी योजना नहीं है, जबकि पूर्व सरकार की अनेकों योजनाएं बंद करने का श्रेय उन्होंने हासिल किया है।