मुंबई(एजेंसी) : बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित हाल ही में क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में पहुंचीं, जहां उन्होंने शो के होस्ट और अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत के दौरान अपनी मां को याद किया।
उन्होंने बताया कि उनकी डांस और कला से जुड़ी प्रतिभा में मां का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अपनी मां के मजबूत व्यक्तित्व की तुलना अमिताभ बच्चन की दिवंगत मां तेजी बच्चन से भी की।
दरअसल, बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने माधुरी से उनकी मां के साथ रिश्ते और उनसे मिली सीख के बारे में पूछा। उन्होंने कहा, ''माधुरी जी, क्या आप मानती हैं कि जिन्हें आप आई कहती हैं, उनसे आपने बहुत कुछ सीखा है या कुछ ऐसा हासिल किया है, जो आज भी आपके साथ है?''
इस पर माधुरी ने बताया, ''मेरी मां मेरी ताकत थीं। कला, डांस और आर्ट से जुड़ी ज्यादातर चीजें मैंने अपनी मां से ही सीखी हैं। जितनी आपकी माता जी मजबूत थीं, वैसी ही मेरी मां बहुत मजबूत थीं। जब मैंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब मैं काफी छोटी थी। उस उम्र में किसी की कही हुई नेगेटिव बात मुझे काफी परेशान कर देती थी। कई बार मैं किसी की बात से दुखी होकर घर लौट जाती थी। ऐसे समय में मेरी मां मुझे समझाती थीं और कहती थीं कि इतनी कमजोर मत होना और किसी की नहीं सुननी है। तुम्हें यह करना है तो करके दिखाओ। वह कहती थीं कि बस काम करो और ईमानदारी से काम करो। जो लोगों को सब नकारात्मक लग रहा है, एक सफलता के बाद सब पॉजिटिव हो जाता है।''
इसके अलावा, शो में अमिताभ बच्चन ने माधुरी से डांस करने का अनुरोध किया और उनके लिए गाना बजाने को कहा। बिग बी ने कहा, "कंप्यूटर जी, प्लीज माधुरी के लिए एक गाना बजाइए।" इसके बाद जैसे ही मशहूर गाना 'काहे छेड़ छेड़ मोहे' बजना शुरू हुआ, माधुरी ने अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही डांस करना शुरू कर दिया।
माधुरी ने अपनी शानदार मुद्राओं और चेहरे के एक्सप्रेशन से इस छोटी-सी परफॉर्मेंस को बेहद खास बना दिया। उनके क्लासिकल डांस की झलक देखकर वहां मौजूद दर्शक भी मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं अमिताभ बच्चन उनकी परफॉर्मेंस को बड़े गौर से देखते नजर आए। उन्होंने माधुरी के डांस की जमकर तारीफ की और तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
परफॉर्मेंस के बाद बिग बी ने कहा, "वाह! क्या बात है... अविश्वसनीय माधुरी।" अमिताभ की इस तारीफ के बाद माधुरी भी मुस्कुराती नजर आईं।
बता दें कि माधुरी दीक्षित जल्द ही 'कौन बनेगा करोड़पति' के मराठी वर्जन 'कोण होणार करोड़पति' को होस्ट करती नजर आएंगी। इस शो के जरिए अभिनेत्री एक बार फिर क्विज रियलिटी शो की दुनिया में बतौर होस्ट अपनी नई पारी शुरू करेंगी।