चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के तहत नागरिकों की शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष सुनवाई के लिए आती हैं। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के निस्तारण के बाद प्रार्थी की संतुष्टि के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र के प्रमुख व्यक्ति (प्रोमिनेंट पर्सन) से भी समाधान का सत्यापन करवाना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी शुक्रवार को चंडीगढ़ में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ जनसंवाद एवं सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने उच्चतर शिक्षा विभाग, जिला नगर योजनाकार, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), विभिन्न विश्वविद्यालयों, गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, हिसार मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, शहरी संपदा विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग तथा हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खदरी ने कहा कि जनसंवाद एवं सीएम विंडो की प्रदेशभर से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा के लिए शुरू किए गए प्रथम चरण के बाद ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायतों के समाधान की स्थिति में भी सुधार हुआ है। वर्तमान में शिकायत निवारण का स्कोर बढ़कर 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो विभिन्न विभागों के लिए संतोषजनक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी शिकायतकर्ताओं से सीधे दूरभाष पर बातचीत कर उनकी संतुष्टि की जानकारी ली जाती है। मुख्यमंत्री कार्यालय का नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का फीडबैक लेना वर्तमान सरकार की एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनवरी माह में सीएम घोषणाओं और जनसंवाद से संबंधित शिकायतों की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे। इसलिए सभी नोडल अधिकारी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
विश्वविद्यालयों की 525 शिकायतें लंबित, शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
सिरसा विश्वविद्यालय से संबंधित एक मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विश्विद्यालय द्वारा वर्ष 2008 में नियुक्त हुए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दे दिया गया है, जबकि उसकी नियुक्ति 1 जनवरी, 2006 को हुई थी। इस पर ओएसडी ने संबंधित मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालयों से संबंधित शिकायतों की स्थिति की जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी ने बताया कि कुल 749 शिकायतों में से 77 का समाधान किया जा चुका है तथा 62 शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। शेष 525 शिकायतें लंबित हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।
दोबारा नहीं खोली जाएंगी शिकायतें, असंतुष्ट प्रार्थी दर्ज करवा सकेंगे नई शिकायत
नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग की शिकायतों की समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने बताया कि विभाग की कई शिकायतें दोबारा खोली गई हैं। इस पर श्री खदरी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार अब किसी भी शिकायत को दोबारा नहीं खोला जाएगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं है तो वह अपनी समस्या के संबंध में अलग से नई शिकायत दर्ज करवा सकते है।
सिंचाई विभाग की जनसंवाद 1098 समस्याएं तथा सी एम विंडो की 361 समस्याओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा कृषि विभाग में रबी बाजरा फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत विभिन्न स्तर पर लंबित मुआवजा राशि को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की जनसंवाद की 81 व सी एम विंडो की 991 समस्याओं की समीक्षा की गई।
भूमि अधिग्रहण मुआवजे से जुड़े मामलों में कार्रवाई के निर्देश
पंचकूला के मानकपुर, सुखोमाजरी और रामगढ़ के निवासियों की शिकायतों की समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने बताया कि अधिग्रहित भूमि का मुआवजा उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दिया जा चुका है, जबकि शिकायतकर्ता जिला न्यायालय के निर्देशों के अनुसार मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
इसी प्रकार सोनीपत निवासी कृष्णा की शिकायत पर ओएसडी ने संबंधित नोडल अधिकारी को अधिग्रहित भूमि के मुआवजे से जुड़े मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सेक्टर-13 कुरुक्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों की जांच के निर्देश
कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 में आवासीय क्षेत्र का व्यावसायिक उपयोग किए जाने संबंधी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खदरी ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत की समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा अधिग्रहित भूमि को आज रिलीज नहीं किया जा सकता। इसके अलावा शामलात भूमि के लिए भी मुआवजे का प्रावधान नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व में अधिकारियों द्वारा शामलात भूमि का मुआवजा जारी किया गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया गया था।