शिमला। एसजेवीएन की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत बुधवार को कारपोरेट मुख्यालय शिमला में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज पोरवाल तथा वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।
शिविर के दौरान सफाई मित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा टीम ने सफाई मित्रों की रक्त एवं रक्तचाप की जांच की। साथ ही एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान में सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान देने के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। हाउसकीपिंग, साफ-सफाई और सहयोगी सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।
एसजेवीएन ने इस पहल के माध्यम से सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, गरिमा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। आयोजन के दौरान स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाले कर्मचारियों के महत्व को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।