राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को क्षेत्र में तेज हवाएं, बादल छाए रहने के साथ बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इससे पहले 6 अप्रैल को मौसम सामान्य रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 8 अप्रैल को तापमान और गिरकर न्यूनतम 18 डिग्री तथा अधिकतम 31 डिग्री रह सकता है।
इन दोनों दिनों में एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। 9 अप्रैल को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने का अनुमान है और तापमान धीरे-धीरे बढ़कर अधिकतम 33 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जिसके चलते एनसीआर और आसपास के इलाकों में हवाओं की गति बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
खासकर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की बात करें तो एनसीआर में फिलहाल स्थिति पहले से बेहतर बनी हुई है।