सोलन : नगर निगम सोलन चुनाव में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद पार्टी के भीतर आत्ममंथन का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को सोलन में अपने दौरे के दौरान चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पार्टी के भीतर धड़ाबंदी कुछ क्षेत्रों में काफी मुखर रही, जिसका असर चुनाव परिणामों पर भी देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस स्थिति को नियंत्रित कर लिया जाता तथा सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ते, तो परिणाम अलग हो सकते थे। सोलन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम की 17 सीटों में से कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि पार्टी को इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जिन कारणों से पार्टी को नुकसान हुआ है, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सोलन के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सोलन ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े कार्योंए आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत और सशक्त किया जाएगा।